कोरोना काल में एक घुमक्कड़ की व्यथा, अब बिहार में विहार की तैयारी

इस साल भी कोरोना महामारी की वजह से कहीं जाना संभव नहीं हो सका। नई जगह की बात करें तो मार्च महीने में महाशिवरात्रि के मौके पर सिर्फ सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ का दर्शन किया। इसके बाद प्लानिंग बनती रही। लेकिन, समय और परिस्थितियों की वजह से निकलना मुश्किल हो गया। फिलहाल बिहार में जिंदगी कट रही है। यह अपना राज्य है। कहने को तो घुमक्कड़ों के लिए कोई भी जगह अपनी नहीं होती है। जगह परिवर्तन ही घुमक्कड़ी को नई जिंदगी प्रदान करती है। फिर भी बिहार जन्मस्थली है। इस वजह से यहां से लगाव ज्यादा है।

38 जिलों की अलग-अलग खासियत

जिसने खुद के राज्य का ही दर्शन नहीं किया हो। वो बाहर का क्या करेगा। ऐसा मेरा मानना है। बिहार के हर जिले में विहार का आनंद उठाया जा सकता है। 38 जिलों की अलग-अलग खासियत और पहचान है। बिहार को अगर पूरी तरह से घूम लिया जाए तो बाहर जाने पर कहा जा सकता है कि हां, मैं अपने राज्य को जानता हूं। यह उसी तरह है जब आप भारत से बाहर किसी देश का रूख करते हैं। वहां आपसे भारत के किसी राज्य के बारे में पूछ दिया जाए और आपके पास उसका जवाब नहीं हो। यही वजह है कि मैं पहले भारत के हर हिस्से को देखना चाहता हूं।

जॉब के साथ भ्रमण बड़ी चुनौती

यहां के रेगिस्तान, पर्वत, पहाड़, झील, समंदर, मैदान, जंगल से मिलना चाहता हूं। विदेश जाने से पहले देश और राज्य के बाहर घूमने से पहले अपने राज्य को जानना और समझना बेहद जरूरी है। अब बिहार में विहार के लिए इसे कई हिस्सों में तोड़ना जरूरी है। जॉब के साथ-साथ भ्रमण करना बेहद मुश्किल भरा काम है। साथ ही पारिवारिक दायित्वों को निभाना भी। कई के लिए तो घुमना महज अर्थ की बर्बादी है। लेकिन, इससे जो लाभ होता है। उसे सिर्फ घुमक्कड़ और फक्कड़ ही समझ सकते हैं।

नई प्लानिंग के साथ शुरुआत की जरुरत

संयोगवश मैं इन दिनों बिहार में ही रह रहा हूं। यह बिहार को जानने के लिए बेहतर विकल्प है। समय निकालकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना है। सबसे पहले राजधानी पटना के जो नजदीकी जिले हैं। उन्हें देखना और समझना है। फिर दूर के जिलों की ओर। साउथ इंडिया में रहने के दौरान एक दिन की छुट्टी में भी लंबी दूरी तय करके वापस आ जाया करता था। उसी तरह फिर से शुरुआत करनी होगी। तभी यह संभव है। बिहार को पूरा करने के बाद नॉर्थ ईस्ट का रूख किया जाएगा। देश के खूबसूरत इलाकों की लिस्ट में पूर्वी भारत है।

- Advertisement -spot_img

Related Posts

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here