माता जानकी की जन्मभूमि सीतामढ़ी में पर्यटकों के लिए होटल की सुविधा दी जाएगी। पर्यटन विभाग जानकी विहार होटल का निर्माण कराएगी। इसमें बजट में ही कई तरह की सुविधाएं मिलेगी। होटल जानकी विहार के लिए करीब 30 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
स्वीमिंग पुल से लेकर सुईट रूम की सुविधा
नए होटल में 54 रूम, 04 सुईट रूम, स्वीमिंग पुल, 90 कार और 5 बस की पार्किंग बनेगी। परिसर में सेन्टरलाईज एयर कंडिशनिंग, चहारदिवारी का निर्माण, जेनरेटर सुविधा, सीसीटीवी लगाया जाएगा। पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में पर्यटकों को उच्च स्तर की पर्यटकीय सुविधाएं मिलेगी। इसके लिए पर्यटन विभाग माता जानकी की जन्मभूमि सीतामढ़ी में सभी सुविधाओं से युक्त बजट होटल जानकी विहार के निर्माण का निर्णय लिया है।
पर्यटकों की बढ़ेगी संख्या
मंत्री नीतीश मिश्रा के मुताबिक लगभग 30 करोड़ रुपये की इस योजना को पर्यटन विभाग द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी है। होटल जानकी विहार, सीतामढ़ी के परिसर में बजट होटल के निर्माण के लिए 29,87,10,000/- (उनतीस करोड़ सतासी लाख दस हजार) रूपये की राशि की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी है। योजना की कार्यकारी एजेंसी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा योजना को आगामी 24 महीने में पूर्ण कर लिया जाएगा।

50 एकड़ जमीन का अधिग्रहण
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि माता जानकी की जन्मभूमि पुनौराधाम में पर्यटन विभाग व्यापक रूप से विकास का कार्य कर रहा है। वहां 50 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का भी कार्य किया जा रहा है, ताकि बेहतर पर्यटकीय सुविधाओं का निर्माण हो सके। आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
पर्यटन विभाग पुनौरा धाम में 50 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का भी काम किया जा रहा है, इससे बेहतर पर्यटकीय सुविधाएं मिलेगी।
